थानाभवन नगर में पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा रैली
शामली - थानाभवन में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को थानाभवन नगर में पुलिस ने डीजे की देशभक्ति धुनों के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली का नेतृत्व सीओ श्याम सिंह ने किया। हाथों में लहराते तिरंगे, गूंजते देशभक्ति गीत और पुलिसकर्मियों की अनुशासित कदमताल ने पूरे नगर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। रैली जिस मार्ग से गुजरी, वहां लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान सीओ श्याम सिंह की प्रभावी नेतृत्व क्षमता, सक्रिय कार्यशैली और पुलिस टीम के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की शैली विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने पूरे रैली मार्ग में पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया और व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखा। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने रैली को शानदार एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराया। सीओ श्याम सिंह ने सुरक्षा, यातायात एवं रैली की व्यवस्था को लेकर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ रैली के दौरान व्यवस्था संभाली। तिरंगा रैली ने थानाभवन नगर में देशभक्ति का जोश भर दिया। सीओ श्याम सिंह के नेतृत्व में निकली यह रैली लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही और पुलिस की राष्ट्रभक्ति के साथ-साथ जनता से बेहतर संवाद की तस्वीर भी पेश करती नजर आई। रैली के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
रिपोर्टर - पंकज उपाध्याय
No Previous Comments found.