50 लाख की रंगदारी मांगने वाले दो शातिर गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और चाकू बरामद

शामली : कोतवाली शामली पुलिस ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रंगदारी की घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन व सिम, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को गांधी गंज मंडी निवासी राजेश गोयल की पत्नी के मोबाइल फोन पर आरोपियों ने फोन कर गाली-गलौज करते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। घटना के संबंध में राजेश गोयल की तहरीर पर कोतवाली शामली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी। 15 अगस्त 2026 को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान कोतवाली शामली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष पुत्र ब्रजमोहन निवासी जनकपुरी, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर तथा मोहित उर्फ टीटू पुत्र मुकेश निवासी ग्राम सोहजनी जाटान, थाना तितावी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
मोबाइल-सिम के साथ हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रंगदारी की घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम बरामद किया। इसके अलावा आरोपी मोहित उर्फ टीटू के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि हर्ष के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनके विरुद्ध हरियाणा और राजस्थान में भी पूर्व से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस संबंधित राज्यों से आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि रंगदारी की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली शामली में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र गौतम, उपनिरीक्षक विपिन शर्मा, हेड कांस्टेबल विकास चपराणा और हेड कांस्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से रंगदारी मांगने वाले गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.