शामली में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गौतम पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

शामली : कोतवाली शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी गौतम पुत्र आजाद निवासी लिलौन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार 17/18 अगस्त की रात सिम्भालका अंडरपास के नीचे पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेरठ की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आए एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बाइक लेकर बलवा चौराहे की ओर भाग निकला।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी मुख्य मार्ग छोड़कर बलवा गांव की ओर जाने वाली चकरोड़ पर मुड़ गया। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी और पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया।
5 जुलाई की फायरिंग में था वांछित
पुलिस के मुताबिक 5 जुलाई 2026 की रात लिलौन निवासी रविन्द्र कुमार के घर के बाहर गौतम और विनीत उर्फ सोनी कथित रूप से गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर रविन्द्र पर तमंचे से फायरिंग किए जाने का आरोप है। मामले में कोतवाली शामली में मुकदमा संख्या 295/26 दर्ज किया गया था।
इस मामले में विनीत उर्फ सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि गौतम फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक शामली द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की पैशन मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए भेजने के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.