शामली में ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का बड़ा खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
शामली : बाबरी थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक कथित अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर से चोरी किया गया सामान, दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो चाकू और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, जनपद शामली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर से सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। 15/16 अगस्त की रात बाबरी थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुर के जंगल में लगे तीन ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाया गया था। इसके अलावा 08/09 अगस्त की रात आदर्श मंडी क्षेत्र में द अवेन्यू के सामने तथा 02/03 अगस्त की रात ग्राम गोहरनी के जंगल क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मर से सामान चोरी किया गया था। इन घटनाओं को लेकर संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पूछताछ में कई जिलों में वारदातों का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि करीब पांच दिन पहले उन्होंने अपने साथी शोएब निवासी सरधना, मेरठ के साथ खानपुर के जंगल से तीन ट्रांसफार्मर नीचे गिराकर उनका सामान चोरी किया था। पुलिस के मुताबिक, चोरी के सामान का कुछ हिस्सा शोएब दिल्ली ले गया और कबाड़ियों को बेच दिया, जबकि कुछ सामान कबाड़ी साद को बेचने की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बड़ौत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली के जंगल क्षेत्रों में भी ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी करने की बात स्वीकार की है। मामले में पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान की बिक्री के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
ये छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद निवासी बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर; सुल्तान, आरिफ, सायान, सादाब और शाहबाद निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है।
हथियारों के साथ चोरी का पूरा औजार बरामद
बरामदगी में दो 315 बोर के तमंचे, कारतूस और खोखा, दो अवैध चाकू, ट्रांसफार्मर की छह एलटी/एसटी कॉइल बाइंडिंग, रस्सी, कटर, नौ लोहे के ब्लेड, प्लास, पेचकश, छह पाने, नौ चाबियां और अन्य उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने गुजरात नंबर की कार इंडेवर संख्या GJ-06-LB-8599 भी बरामद की है।
पुराने मुकदमों का लंबा रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व में चोरी, विद्युत अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से साजिद, सुल्तान और आरिफ के खिलाफ मुजफ्फरनगर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
इस कार्रवाई में बाबरी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, उपनिरीक्षक संदीप कुमार कालखण्डे, उपनिरीक्षक सुनील सिंह वर्मा, हेड कांस्टेबल आकाशदीप तथा कांस्टेबल सचिन कुमार, प्रभात और हातम शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.