50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय लुटेरे जाकिर को झिंझाना पुलिस और STF ने दबोचा
शामली : थाना झिंझाना पुलिस एवं एसटीएफ यूनिट गौतमबुद्ध नगर की संयुक्त टीम ने मोबाइल लूट की घटना में वांछित चल रहे ₹50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय अभियुक्त जाकिर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार जाकिर के खिलाफ गाजियाबाद, दिल्ली, बागपत और शामली समेत विभिन्न स्थानों पर लूट, चोरी, गैंगस्टर्स एक्ट और शस्त्र अधिनियम से संबंधित 20 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 5 नवंबर 2025 को झिंझाना क्षेत्र के ऊन रोड पर संजय बिंदल से कार सवार अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान उजैफा, याहिया, रिहान और जाकिर के नाम सामने आए।
इस मामले में कैराना पुलिस ने 25 दिसंबर 2025 को उजैफा और कांधला पुलिस ने 16 जनवरी 2026 को याहिया को गिरफ्तार किया था। वहीं 5 फरवरी 2026 को कोतवाली शामली एवं आदर्श मंडी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ₹50 हजार का इनामी आरोपी रिहान पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
इसके बाद घटना में वांछित चल रहे जाकिर की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान थाना झिंझाना पुलिस और एसटीएफ यूनिट गौतमबुद्ध नगर की संयुक्त टीम ने जाकिर को गिरफ्तार कर लिया।
20 मुकदमों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जाकिर के खिलाफ वर्ष 2018 से 2025 तक लूट, चोरी, चोरी का माल रखने, गैंगस्टर्स एक्ट, धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास तथा शस्त्र अधिनियम से संबंधित कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें साहिबाबाद, कौशाम्बी, इंदिरापुरम, जीटीबी एन्क्लेव दिल्ली, बड़ौत और झिंझाना थानों के मामले शामिल हैं।
पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना झिंझाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कसाना, एसटीएफ यूनिट गौतमबुद्ध नगर के उपनिरीक्षक दीपक कुमार समेत हेड कांस्टेबल अमरदीप, देवदत्त सिंह, आकाश कुमार, मनोज कुमार, सतेन्द्र कुमार, खुर्शीद आलम, सुबोध कुमार तथा थाना झिंझाना के कांस्टेबल पुनित कुमार शामिल रहे।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.