दिनदहाड़े गोलियों से छलनी हुआ युवक, हत्या से दहला इलाका
शामली - सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जिम से एक्सरसाइज कर घर लौट रहे युवक अंकित बालियान पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक पर दर्जनों राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। अंकित बालियान बंटी खेड़ा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वह संगीत के क्षेत्र में भी जाना-पहचाना नाम था और कई चर्चित सॉन्ग कर चुका था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिस्टल से लगातार फायरिंग की आवाजों से पूरा इलाका गूंज उठा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। खुलेआम हुई इस सनसनीखेज वारदात ने शामली में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्टर - अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.