शामली में अंकित बालियान हत्याकांड का बड़ा एक्शन: 50-50 हजार के दो इनामी शूटर मुठभेड़ में ढेर
शामली : हरियाणवी सिंगर, यूट्यूबर और पूर्व कबड्डी खिलाड़ी अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस और यूपी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह कैराना रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के इनामी दो शूटर मोहित और सुमित मारे गए। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित पुत्र महेश निवासी वाहियापुर, थाना सिटी सोनीपत और सुमित पुत्र धर्मपाल निवासी ऋषिकुंज, सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। दोनों के कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है।
जिम के बाहर 25 सेकंड में बरसाई थीं 18 गोलियां
बता दें कि 26 अगस्त 2026 को शामली कोतवाली क्षेत्र में जिम से निकलते समय अंकित बालियान पर बाइक सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला किया था। सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बदमाशों ने महज 25 सेकंड में करीब 18 राउंड फायरिंग की थी। गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल अंकित की मौत हो गई थी।
80 से ज्यादा CCTV कैमरों से खंगाला गया रूट
हत्याकांड के बाद पुलिस और यूपी एसटीएफ ने 80 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर शूटरों के आने-जाने का रूट तैयार किया। जांच में सामने आया कि बदमाश करनाल से शामली पहुंचे और वारदात को अंजाम देने के बाद बागपत-लोनी की ओर फरार हुए।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह दोनों बदमाश वापस सोनीपत जाने की फिराक में थे। औद्योगिक क्षेत्र के पास पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डेढ़ घंटे तक की थी जिम के बाहर रेकी
जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात से पहले जिम और आसपास के इलाके की रेकी की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी गतिविधियों और पूरे रूट की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया है।
अब दो अन्य शूटर पुलिस के रडार पर
अंकित हत्याकांड में कुल चार शूटरों के शामिल होने की बात सामने आई है। मोहित और सुमित के मारे जाने के बाद अब सत्यम और आर्यन नाम के दो अन्य शूटरों की तलाश जारी है।
पुलिस अब हत्याकांड के पीछे कथित गैंग कनेक्शन, साजिश और मास्टरमाइंड की भूमिका की भी जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर गोगी गैंग से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा वारदात की जिम्मेदारी लेने के दावे के बाद जांच और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
शामली पुलिस और यूपी एसटीएफ की इस कार्रवाई के बाद अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आ गया है। अब पुलिस की अगली नजर फरार दोनों शूटरों और कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.