अधिक व्यूज, लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए इंस्टाग्राम पर डाला था फर्जी वीडियो
शामली। स्थानीय हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए फर्जी तरीके से हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले एक आरोपी को राजस्थान क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को जनपद शामली में अंकित बालियान की हत्या की घटना हुई थी। मामले में पुलिस टीम ने 31 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शूटरों को मार गिराया था। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि हत्याकांड के अगले दिन 27 अगस्त को इंस्टाग्राम पर @bhupendra_dhingra_2001 नामक आईडी से भूपेंद्र ढींगरा ने एक वीडियो प्रसारित किया था, जिसमें उसने स्वयं हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस के मुताबिक, वीडियो के जरिए जांच को भ्रमित करने का प्रयास किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अधिक व्यूज, लाइक्स और फॉलोअर्स हासिल करने के उद्देश्य से हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाला फर्जी वीडियो प्रसारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से हत्याकांड को लेकर भ्रामक एवं असत्य सूचनाएं प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में भी दो अभियोग दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है। इसी क्रम में भूपेंद्र ढींगरा की भूमिका सामने आने पर पुलिस टीम ने उसे राजस्थान क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। तथ्यों की पुष्टि के बाद उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
रिपोर्टर -अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.