25 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार ऑपरेशन सवेरा के तहत झिंझाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 126 ग्राम स्मैक और 1,440 रुपये नकद बरामद

शामली : जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत झिंझाना पुलिस ने एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 126 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है, तथा स्मैक बिक्री से प्राप्त 1,440 रुपये की नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। 24 सितंबर 2026 को झिंझाना पुलिस ने साजिद पुत्र खुर्शिद, निवासी ग्राम चौसाना थाना झिंझाना, शामली को गिरफ्तार किया।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना झिंझाना में मु0अ0सं0 485/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की जांच शुरू कर दी है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सके।
टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल जहीन अख्तर और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।
शामली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को दें और “नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान में सहयोग करते हुए जनपद को नशामुक्त बनाने में सहभागी बनें।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.