थानाभवन में बसपा की मंडलीय समीक्षा बैठक, 9 अक्टूबर को लखनऊ में कांशीराम की पुण्यतिथि मनाने की तैयारी
शामली - थानाभवन नगर के मेला ग्राउंड मोहल्ला खेल स्थित वंदना गार्डन में रविवार को बहुजन समाज पार्टी की सहारनपुर मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जनपद से पार्टी के जिला प्रभारी, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी बाबू मुनकाद अली, मंडल प्रभारी नरेश गौतम व जाफर मलिक, मंडल कॉर्डिनेटर रणधीर बेनीवाल, सतीश गौतम और रजनीश बंधु सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का आयोजन बसपा प्रमुख मायावती के निर्देश पर किया गया। इसमें आगामी 9 अक्टूबर को लखनऊ में बसपा के संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में सहभागिता और तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कांशीराम के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए बहुजन समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए उनके प्रयासों पर चर्चा की गई। इसके अलावा शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जनपद में पार्टी संगठन की स्थिति की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। 9 अक्टूबर को लखनऊ में कांशीराम की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में मंडल के विभिन्न जनपदों से कार्यकर्ताओं के शामिल होने को लेकर भी बैठक में तैयारियों पर चर्चा की गई।
रिपोर्टर - पंकज उपाध्याय

No Previous Comments found.