नकली सोने की गिन्नियों का ऐसा जाल, जेवर लेकर उड़ गए ठग!
शामली : में महिला को सस्ते सोने का लालच देकर लाखों के जेवर ठगे, पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
शामली। सस्ते दामों में असली सोने की गिन्नियां देने का लालच... बातों में फंसाई गई महिला... और फिर नकली गिन्नियों के बदले उसके सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार होने वाला गिरोह। थाना आदर्श मंडी पुलिस ने इस ठगी की गुत्थी सुलझाते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया।
मामला 27 जुलाई 2026 का है। शांतिनगर निवासी सुनीता गिरि टंकी रोड स्थित अपनी दुकान पर थीं। इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास पहुंचीं और कम कीमत पर सोने की गिन्नियां बेचने का लालच दिया। महिलाओं की बातों में आकर सुनीता ने अपने जेवर उनके हवाले कर दिए और बदले में गिन्नियां ले लीं। कुछ समय बाद जब गिन्नियों की जांच कराई गई तो सोने की चमक के पीछे बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया—गिन्नियां नकली निकलीं।
पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस गिरोह की तलाश में जुटी थी। बुधवार को पुलिस को सफलता मिली। रेलवे स्टेशन शामली के पास घेराबंदी कर एक पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
पति-पत्नी ने रिश्तेदार के साथ मिलकर रचा था जाल
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आशीष उर्फ गौतम, उसकी पत्नी पवित्रा उर्फ गुड़िया और रिश्तेदार अंजू ने मिलकर कथित तौर पर पूरी योजना तैयार की थी। अंजू और पवित्रा ने महिला को अपने जाल में फंसाया, जबकि आशीष ने घटनास्थल के आसपास रेकी कर सहयोग किया।
पुलिस का कहना है कि ठगी के बाद तीनों ने सोने-चांदी के जेवर आपस में बांट लिए थे। इसके बाद इन जेवरों को बेचने के इरादे से आरोपी रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
ठगी के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मांग टीका, कानों के टॉप्स, लॉकेट, नाक की लौंग, पाजेब और गले की चेन समेत कई आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा एक नीले रंग का HERO कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.