वाहन चोर गिरोह पर शामली पुलिस का बड़ा शिकंजा, 24 दोपहिया वाहन बरामद
शामली : जिले में लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच शामली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाभवन, कांधला और कोतवाली शामली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 8 कथित अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 23 चोरी की मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और वाहन के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की कुल संख्या 24 दोपहिया वाहन बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देश और पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के आदेश पर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग तथा वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में थानाभवन, कांधला और कोतवाली शामली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का खुलासा किया।
जंगल में छिपा रखी थीं 12 बाइकें
थानाभवन पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर ग्राम नोजल के वन विभाग के जंगल में किकर के बाग के पास छिपाकर रखी गईं 12 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस जांच में इनमें से कई बाइकें शामली के अलावा पानीपत और अन्य स्थानों से चोरी की होना सामने आया है।
पुराने भवन में मिला चोरी का ‘जखीरा’
कांधला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आईटीआई जसाला के सामने पुराने भवन में छिपाकर रखी गई 10 मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा स्कूटी और वाहन पार्ट्स बरामद किए। पुलिस के मुताबिक बरामद वाहनों में कुछ पर नंबर प्लेट लगी थी, जबकि कई वाहन बिना नंबर प्लेट के मिले। कुछ वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर भी संदिग्ध अथवा अलग पाए गए, जिनकी जांच की जा रही है।
बाल अपचारियों से भी बरामद हुई चोरी की बाइक
कोतवाली शामली पुलिस ने 3 बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद तीनों थाना क्षेत्रों की बरामदगी को मिलाकर पुलिस ने कुल 24 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
मास्टर चाबी से बनाते थे बाइक को निशाना
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ और अपने शौक पूरे करने के लिए सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। मास्टर चाबी की मदद से लॉक खोलकर वाहन चोरी किए जाते थे और बाद में उन्हें बेच दिया जाता था। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
शामली से लेकर पानीपत और सहारनपुर तक फैला नेटवर्क
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बरामद मोटरसाइकिलों का संबंध जनपद शामली, पानीपत, सहारनपुर तथा अन्य स्थानों से सामने आया है। कई वाहनों के संबंध में मुकदमे भी दर्ज मिले हैं। पुलिस अब बरामद अन्य वाहनों की पहचान और उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
थानाभवन: अजय उर्फ जीता पुत्र रामपाल निवासी मस्तगढ़, शुऐब पुत्र फाजिल निवासी मौहल्ला रेती थानाभवन, सावन पुत्र राजपाल निवासी राझड़ थाना गढ़ीपुख्ता, इंसाद उर्फ कन्टू पुत्र मोहसिन निवासी कुण्डा कला थाना गंगोह, अंकित उर्फ काला पुत्र सूरजभान निवासी खेड़ागदाई थाना थानाभवन।
कांधला: वाशू पुत्र अमित निवासी खन्द्रावली, राहुल पुत्र जगत सिंह निवासी रामपुर खेड़ी तथा कपिल पुत्र रामप्रसाद निवासी रामपुर खेड़ी, थाना कांधला।
इसके अलावा कोतवाली शामली पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक अजय उर्फ जीता के खिलाफ थानाभवन और सहारनपुर के ननौता थाने में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अंकित उर्फ कल्लू के खिलाफ भी गढ़ीपुख्ता और थानाभवन थाने में आर्म्स एक्ट एवं चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस टीम को मिला 10-10 हजार का इनाम
वाहन चोरों की गिरफ्तारी और चोरी के 24 दोपहिया वाहन बरामद करने वाली पुलिस टीमों के उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह ने थानाभवन, कांधला और कोतवाली शामली की पुलिस टीमों को 10-10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद वाहनों से जुड़े अन्य मामलों और गिरोह के संभावित नेटवर्क की भी जांच जारी है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.