सोशल मीडिया पर झूठी पोस्ट डालना पड़ा भारी, दो गिरफ्तार
शामली : गढ़ीपुख्ता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कथित रूप से झूठी एवं भ्रामक सूचना प्रसारित करने के मामले में गढ़ीपुख्ता पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दो लोगों के नाम और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते हुए उनके खिलाफ गंभीर आरोपों वाली पोस्ट प्रसारित की थी।
पुलिस के मुताबिक, कस्बा गढ़ीपुख्ता निवासी बिलाल पुत्र बशीर ने 1 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 29 सितंबर के अमर उजाला समाचार पत्र की खबर के माध्यम से उसे सोशल मीडिया X पर उसके तथा उसके दोस्त सलीम पुत्र वसीम के नाम और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली।
पोस्ट में बिलाल और सलीम पर स्मैक सप्लाई, मोटरसाइकिल चोरी कर कबाड़ में कटवाने और 315 बोर के तमंचे सप्लाई करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा पोस्ट में थाना प्रभारी को रिश्वत देने, पूर्व थाना प्रभारी अशोक कुमार द्वारा परेशान किए जाने और प्रतिमाह लाखों रुपये देने समेत अन्य आरोप भी लगाए गए थे।
शिकायतकर्ता ने इन आरोपों को झूठा, भ्रामक और मानहानिकारक बताते हुए आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने उनके नाम और मोबाइल नंबरों का दुरुपयोग कर यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार को कल्याण सिंह पुत्र चतरसेन निवासी वार्ड नंबर-09, कस्बा फलावदा, थाना फलावदा, मेरठ तथा कमल सैनी पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी हरड़ फतेहपुर, थाना थानाभवन, शामली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X से झूठी एवं भ्रामक सूचना प्रसारित की गई थी। दोनों के खिलाफ गढ़ीपुख्ता थाने में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई एसपी शामली एनपी सिंह के आदेश पर, एएसपी सुमित शुक्ला के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी थानाभवन के पर्यवेक्षण में गढ़ीपुख्ता पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने की।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.