अंकित बालियान हत्याकांड में फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा
शामली : हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने फरार चल रहे वांछित आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने न्यायालय से कुर्की आदेश प्राप्त करने के बाद प्रकरण में वांछित राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, आर्यन संधू और सत्यम कादयान की चल संपत्ति एवं सामान की कुर्की की कार्रवाई की है। कुर्क की गई संपत्ति को पुलिस अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है।
गौरतलब है कि 26 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली शामली क्षेत्र के बनतीखेड़ा निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की चार शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड में शामिल दो शूटर मारे गए थे, जबकि दो अन्य शूटर फरार चल रहे थे। विवेचना आगे बढ़ने पर हत्याकांड की कथित साजिश में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई।
अब पुलिस ने फरार वांछित आरोपियों राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, आर्यन संधू और सत्यम कादयान पर कानूनी शिकंजा कसते हुए न्यायालय के आदेश पर उनकी चल संपत्ति की कुर्की की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है।
बड़ा सवाल—अंकित हत्याकांड की पूरी साजिश के पीछे कौन?
हत्याकांड में दो शूटरों के मारे जाने और अन्य आरोपियों के फरार रहने के बीच विवेचना में सामने आए कथित साजिशकर्ता ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब पुलिस की कार्रवाई से यह सवाल भी उठ रहा है कि अंकित बालियान की हत्या की पूरी साजिश में कौन-कौन शामिल था और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कब होगी?
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.