हेलमेट पहना था, कागजात भी पूरे थे… फिर भी पीछे से फोटो खींचकर काट दिया चालान! बुजुर्ग ने यातायात पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल, चालान निरस्त करने की मांग
शामली : यातायात पुलिस की कार्रवाई को लेकर एक बुजुर्ग व्यक्ति ने सवाल खड़े करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (यातायात) को प्रार्थना पत्र दिया है। बुजुर्ग का आरोप है कि वह हेलमेट पहनकर मोटरसाइकिल चला रहे थे और उनके पास वाहन के सभी जरूरी कागजात भी मौजूद थे, इसके बावजूद पीछे से फोटो खींचकर उनका चालान कर दिया गया।
बुजुर्ग के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को करीब 11 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से तहसील परिसर के पास पहुंचे थे। उनका कहना है कि उस समय उन्होंने हेलमेट लगा रखा था। इसके बावजूद बाद में मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज पहुंचा।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मौके पर रोककर स्थिति स्पष्ट करने अथवा दस्तावेज देखने के बजाय पीछे से फोटो खींचकर चालान कर दिया गया। अब बुजुर्ग ने पूरे मामले की जांच कराकर चालान निरस्त करने की मांग की है।
बड़ा सवाल—हेलमेट लगा था तो आखिर किस आधार पर हुआ चालान?
बुजुर्ग का कहना है कि चालान के समय की फोटो और संबंधित रिकॉर्ड की जांच कराई जाए, जिससे वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उन्होंने यातायात विभाग से मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अब देखना होगा कि जांच में चालान सही पाया जाता है या बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर कार्रवाई में सुधार किया जाता है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.