शामली में करोड़ों की ज्वेलरी चोरी का खुलासा! छत तोड़कर घुसे चोर, सुबह होने के डर से नाले के पास मिट्टी में दबाए जेवरात
शामली : शहर के सर्राफा बाजार में करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के मामले में शामली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नालापाटरी स्थित उमा ज्वेलर्स में हुई चोरी का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दो बाल अपचारियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, उनकी निशानदेही पर करीब 37.50 किलोग्राम सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। हालांकि, वारदात का मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
रेकी के बाद दुकान को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात से पहले कई दिनों तक शहर के बाजारों में घूमकर दुकानों की रेकी की थी। इसके बाद उमा ज्वेलर्स को निशाना बनाने की योजना तैयार की गई। करीब छह दिन पहले अज्ञात चोर दुकान की छत तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां रखे कीमती आभूषण चोरी कर ले गए।
लोहे के सब्बल से तोड़ी छत, पेड़ के सहारे पहुंचे ऊपर
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बाल अपचारियों ने पूछताछ में बताया कि वारदात वाली रात वे नाले के रास्ते दुकान के पीछे पहुंचे। इसके बाद पेड़ के सहारे छत पर चढ़े और लोहे के सब्बल से छत तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए। वहां से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के बाद वे मौके से निकल गए।
सुबह होने का डर, नाले के पास मिट्टी में दबा दिए करोड़ों के जेवरात
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, सुबह होने के डर से आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी किए गए आभूषण नाले के पास मिट्टी में दबा दिए थे। बाद में जब वे आभूषण निकालकर बेचने की कोशिश में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखे गए आभूषण बरामद कर लिए गए।
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की साजिश में और कौन-कौन शामिल था तथा चोरी के आभूषण बेचने के लिए किन लोगों से संपर्क किया गया था। बरामद आभूषणों की पहचान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
बड़ा सवाल: करोड़ों के आभूषणों की चोरी की इस वारदात में फरार मुख्य आरोपी कौन है और चोरी के माल को ठिकाने लगाने की योजना में क्या कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था? पुलिस की आगे की जांच से इन सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.