तीन घंटे में नारद मोह से रावण दहन तक की रामलीला, विद्यार्थियों ने मोहा मन

शामली - सेंटआरसी कॉन्वेंट स्कूल में मंगलवार को भव्य रामलीला का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने मात्र तीन घंटे में नारद मोह से लेकर रावण दहन तक की संपूर्ण रामलीला का संगीतमय मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए करीब दो हजार लोगों ने रामलीला का आनंद लिया और प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल ने दीप प्रज्वलित कर किया। हनुमान जी की आरती, नृत्य और संगीतमय हनुमान चालीसा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विद्यार्थियों ने श्रीराम जन्मोत्सव, गुरुकुल शिक्षा, ताड़का वध, सीता स्वयंवर, राम वनवास, सीता हरण, अशोक वाटिका, कुंभकरण वध, अंगद संवाद और राम-रावण युद्ध सहित रामायण के प्रमुख प्रसंगों का शानदार मंचन किया। शिव तांडव और नवदुर्गा नृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। रावण वध के बाद भगवान श्रीराम के स्वरूप ने रावण के पुतले का, जबकि मुख्य अतिथि अरविंद संगल ने मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का अग्निबाण से दहन किया। इस दौरान पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।

विद्यालय की प्रबंधक मीनू संगल ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है। सभी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्या उज्मा जैद्री सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.