कैराना में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
शामली : जनपद शामली के कैराना में मारपीट और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में कैराना पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना 19 अक्टूबर 2026 की है, जब खुरगान रोड स्थित मोहल्ला खेलकलां निवासी रेशमा के पति सरफराज और उनकी ननद पर हमला किए जाने का आरोप लगा था।
पीड़िता रेशमा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह ने प्रभारी निरीक्षक कैराना को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
चेकिंग अभियान के दौरान पांच आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकरीम पुत्र मुस्तकीम और शाहरुख पुत्र मतलूब निवासी इस्सोपुर खुरगान तथा अभिनंदन पुत्र राकेश, एहसान पुत्र महबूब और फुरकान पुत्र वसे निवासी मलकपुर, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल एकता नागर, हेड कांस्टेबल रवि कुमार और कांस्टेबल हरेंद्र शर्मा शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.