दीपावली पर स्थानीय बाजारों से खरीदारी करें, स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाएँ : अंकित जैन
शामली - दीपावली के पावन पर्व पर राष्ट्रीय लोकदल व्यापार प्रकोष्ठ, शामली के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (पंजी.) के सहारनपुर मंडल अध्यक्ष अंकित जैन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे त्योहार की खरीदारी अपने स्थानीय बाजारों से करें और स्थानीय व्यापारियों को सहयोग देकर शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएँ। अंकित जैन ने कहा कि त्योहारों की रौनक बाजारों की चहल-पहल, दुकानों की सजावट और ग्राहकों की आवाजाही से बढ़ती है। जब लोग अपने शहर के बाजारों में जाकर खरीदारी करते हैं, तो व्यापारियों के कारोबार को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है। स्थानीय व्यापार केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका और शहर की आर्थिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने कहा कि आज ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स के माध्यम से घर बैठे सामान मँगाने की सुविधा उपलब्ध है। तकनीक और आधुनिक सुविधाओं का अपना महत्व है, लेकिन जहाँ संभव हो, सामान्य खरीदारी के लिए स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देना भी जरूरी है। विशेष रूप से अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ऑनलाइन सुविधाओं का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन अपनी नियमित खरीदारी में स्थानीय दुकानदारों को अवसर देकर हम अपने शहर के व्यापार को आगे बढ़ा सकते हैं।
अंकित जैन ने जोर देते हुए कहा कि स्थानीय व्यापारियों का सहयोग केवल दीपावली या अन्य त्योहारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे पूरे वर्ष अपनी आदत बनाना चाहिए। जिस प्रकार स्थानीय व्यापारी हर आवश्यकता के समय समाज के बीच उपलब्ध रहते हैं, उसी प्रकार हमें भी उनके कारोबार को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने से बाजारों में रौनक बढ़ती है, व्यापारियों का मनोबल मजबूत होता है और शहर की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि बाजार में जाकर खरीदारी करना केवल सामान खरीदना नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल, आपसी संवाद और त्योहार की खुशियों से जुड़ने का अवसर भी है। परिवार के साथ बाजार जाना, अपनी पसंद का सामान देखना और लोगों से मिलना-जुलना त्योहार के आनंद को बढ़ाता है तथा व्यक्ति के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व में भी सकारात्मक निखार लाता है।
अंकित जैन ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि इस दीपावली अपने परिवार के साथ स्थानीय बाजारों में जाएँ, स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करें और गुणवत्तापूर्ण स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे समाज के हित का विषय है। शामली से अविनाश शर्मा की रिपोर्ट
उन्होंने कहा, “इस दीपावली संकल्प लें कि हम केवल त्योहारों पर ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष अपने स्थानीय व्यापारियों का साथ देंगे। आपकी खरीदारी किसी व्यापारी के परिवार की खुशियों का कारण बन सकती है। आइए, अपने बाजारों में रौनक बढ़ाएँ, स्थानीय व्यापार को मजबूती दें और अपने शहर की समृद्धि में योगदान करें।
रिपोर्टर - अविनाश

No Previous Comments found.