रिश्वत मांगने के आरोप निराधार, छवि धूमिल करने का प्रयास : डॉक्टर पूजा मलिक

शामली : शामली थानाभवन। लाला लाजपतराय कन्या इंटर कॉलेज में संस्कृत प्रवक्ता पद पर नवनियुक्त अभ्यर्थी प्रतिभा के कार्यभार ग्रहण करने को लेकर चल रहा विवाद लगातार तूल पकड़ रहा है। इस मामले में प्रधानाचार्य डॉक्टर पूजा मलिक ने एक लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने आरोपों को अपनी व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक छवि धूमिल करने की कोशिश करार दिया। डॉक्टर पूजा मलिक ने बताया कि वर्ष 2012 से वर्तमान शैक्षिक सत्र 2026-27 तक करीब 14 वर्षों से विद्यालय में संस्कृत विषय की कोई छात्रा अध्ययनरत नहीं है। इसी स्थिति को देखते हुए उन्होंने 23 सितंबर को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस), शामली को पत्र भेजकर नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर विभागीय मार्गदर्शन मांगा था। पत्र की प्रतिलिपि संयुक्त शिक्षा निदेशक, सहारनपुर मंडल को भी भेजी गई थी। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ सार्वजनिक धन के अनावश्यक व्यय से बचना था। हालांकि, पत्राचार के बावजूद उन्हें अधिकारियों की ओर से अब तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिला है। प्रधानाचार्य के अनुसार अभ्यर्थी प्रतिभा को कार्यभार ग्रहण करने के लिए पत्र जारी किया गया था, लेकिन विद्यालय पहुंचने पर उनके आवश्यक अभिलेख पूरे नहीं थे। ऐसे में उन्हें अभिलेख पूर्ण कर प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके स्तर से किसी भी प्रकार की आर्थिक मांग नहीं की गई। डॉक्टर पूजा मलिक ने बताया कि विद्यालय में तीन अन्य शिक्षिकाएं कार्यभार ग्रहण कर चुकी हैं। वहीं, विद्यालय के प्राधिकृत नियंत्रक डॉक्टर विपिन कुमार ने भी 24 सितंबर को इस संबंध में अनुस्मारक पत्र जारी किया था। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर तक अभ्यर्थी की ओर से आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने या संपर्क करने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई थी। प्रधानाचार्य ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि आरोपों की सच्चाई उपलब्ध दस्तावेजों और वास्तविक तथ्यों के आधार पर सामने आनी चाहिए। बिना तथ्यों की पड़ताल किए किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं है।

रिपोर्टर : पंकज उपाध्याय 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.