अंत्येष्टि स्थल के नाम पर 27 लाख से अधिक का भुगतान, मौके पर निर्माण कार्य नदारद होने का आरोप

सहारनपुर :  क्षेत्र के ननौता ब्लॉक की ग्राम पंचायत मोरा में ग्राम पंचायत निधि से अंत्येष्टि स्थल (श्मशान घाट) पर कराए गए निर्माण कार्यों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। आरोप है कि ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान की ओर से अंत्येष्टि स्थल पर टीन शेड निर्माण, टाइल्स लगाने, छतरी निर्माण, मिट्टी भराव और अन्य निर्माण कार्यों के नाम पर लाखों रुपये की धनराशि निकाल ली गई, जबकि मौके पर इन कार्यों के अनुरूप निर्माण दिखाई नहीं दे रहा है।

मामले को लेकर सामने आए वर्ष 2021 से 2024 तक के भुगतान विवरण में चौंकाने वाले आंकड़े दर्ज हैं। उपलब्ध सूची के अनुसार श्मशान घाट पर मिट्टी भराव के नाम पर 45 हजार रुपये, टीन निर्माण के नाम पर 1 लाख और 2.50 लाख रुपये, मिट्टी भराव के नाम पर 1 लाख 96 हजार 70 रुपये तथा टाइल्स कार्य के नाम पर 65 हजार रुपये का भुगतान दर्शाया गया है।
इसके अलावा वर्ष 2023 में श्मशान घाट पर नए निर्माण कार्यों के नाम पर कई बार भुगतान किए जाने का विवरण है। वहीं वर्ष 2024 में श्मशान घाट की दीवार निर्माण, प्रथम एवं द्वितीय भुगतान, शेष भुगतान तथा मजदूरी के नाम पर भी लाखों रुपये की धनराशि दर्ज की गई है।
27 लाख 8 हजार 870 रुपये का कुल खर्च
उपलब्ध भुगतान विवरण में वर्ष 2021 से 2024 तक अंत्येष्टि स्थल पर कुल 27 लाख 8 हजार 870 रुपये खर्च दर्शाए गए हैं। इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद यदि मौके पर संबंधित निर्माण कार्य नहीं हुए हैं या भुगतान के अनुरूप कार्य नहीं कराया गया है तो यह जांच का गंभीर विषय है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि टीन शेड, टाइल्स, छतरी और अन्य निर्माण कार्यों के नाम पर निकाली गई धनराशि का वास्तविक इस्तेमाल कहां हुआ? क्या इन कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराया गया था? भुगतान से पहले निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति की जांच किस अधिकारी ने की?
ग्रामीणों और मामले को उठाने वालों ने संबंधित अधिकारियों से अंत्येष्टि स्थल का स्थलीय निरीक्षण कराने, भुगतान से संबंधित बिल-वाउचर, कार्यों के फोटो, माप पुस्तिका और अन्य अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराकर सरकारी धनराशि के दुरुपयोग की स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और सरकारी धनराशि के खर्च की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए क्या कार्रवाई करते हैं। उप जिलाधिकारी रामपुर मनिहारान रामभरोस सरण ने बताया विभाग के अधिकारियों को साथ में लेकर जांच की जाएगी दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी।

रिपोर्टर : नरेश कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.