पीडब्ल्यूडी की सड़क को ग्राम पंचायत का कार्य दर्शाने का आरोप, लाखों के भुगतान पर उठे सवाल
सहारनपुर : ननौता ब्लॉक की ग्राम पंचायत मोरा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आने से हलचल मच गई है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए पंचायत निधि से कराए गए कार्यों और उनके नाम पर हुए भुगतान की जांच कराने की मांग उठाई है। आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से पहले ही निर्मित कराई जा चुकी सड़कों को ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में दर्शाकर उनके नाम पर लाखों रुपये का भुगतान किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत मोरा के अभिलेखों में संदीप के घर से पंकज के घर तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य ग्राम पंचायत निधि से कराया जाना दर्शाया गया है। इसके अलावा शीशपाल के घर से विश्वास के घर तक सीसी सड़क और नाली निर्माण का कार्य भी पंचायत निधि के तहत दर्ज होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब संबंधित स्थानों पर पीडब्ल्यूडी विभाग पहले ही सड़क निर्माण करा चुका था तो उन्हीं कार्यों को ग्राम पंचायत के खाते में किस आधार पर दर्शाया गया? इन कार्यों के नाम पर कितनी धनराशि स्वीकृत हुई और कितना भुगतान किया गया, इसकी भी जांच जरूरी है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि पहले से निर्मित सड़कों को दोबारा ग्राम पंचायत का कार्य दर्शाकर सरकारी धन का भुगतान किया गया है तो यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
अभिलेखों के साथ मौके पर भी हो भौतिक सत्यापन
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों से ग्राम पंचायत मोरा में पिछले वर्षों के दौरान कराए गए विकास कार्यों की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच केवल सरकारी कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि पीडब्ल्यूडी विभाग से संबंधित सड़कों और ग्राम पंचायत निधि से दर्शाए गए कार्यों का मौके पर भौतिक सत्यापन भी कराया जाए।
इसके साथ ही संबंधित कार्यों की माप पुस्तिका (एमबी), भुगतान संबंधी अभिलेख, बिल-वाउचर, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति तथा कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र की जांच कराने की मांग की गई है। इससे स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित निर्माण कार्य वास्तव में किस विभाग की ओर से कराया गया और उसके नाम पर पंचायत निधि से कितनी धनराशि खर्च की गई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव अथवा अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकारी धन के अनुचित भुगतान की पुष्टि होने पर नियमानुसार वसूली भी कराई जाए।सचिव बोले- मेरे कार्यकाल का मामला नहीं, अधिकारी ने दिया जांच का आश्वासन
इस संबंध में ग्राम सचिव अनुज कुमार का कहना है कि संबंधित कार्य उनके कार्यकाल का नहीं है, इसलिए वह इस मामले में कुछ नहीं कह सकते। वहीं ग्राम पंचायत अधिकारी सहारनपुर प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : नरेश कुमार

No Previous Comments found.