शशि थरूर का नया ‘क्वॉकरवॉजर’ शब्द चर्चा में, जानिए क्या है इसका मतलब

AKANSHA UPADHYAY

कांग्रेस सांसद और लेखक शशि थरूर अपनी प्रभावशाली अंग्रेजी और अनोखी शब्दावली के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। उनके सोशल मीडिया पोस्ट में कई ऐसे अंग्रेजी शब्द दिखाई देते हैं, जो आम बोलचाल में बेहद कम इस्तेमाल होते हैं। हाल ही में उन्होंने ‘Quockerwodger’ (क्वॉकरवॉजर) शब्द साझा किया, जिसे उन्होंने मौजूदा दौर के लिए प्रासंगिक बताया।

क्या है ‘Quockerwodger’ का मतलब?

थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस शब्द की परिभाषा साझा करते हुए इसे “एक राजनीतिक कठपुतली” के अर्थ में बताया। यानी ऐसा व्यक्ति जो किसी दूसरे व्यक्ति के नियंत्रण में रहकर उसके निर्देशों के अनुसार काम करता है।थरूर ने अपने पोस्ट में इस शब्द को “हमारे दौर का शब्द” बताते हुए भारतीय राजनीति पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने संकेत दिया कि उनके अनुसार सत्तारूढ़ दल के पिछले एक दशक के कार्यकाल में ऐसे कई लोग सामने आए हैं। यह टिप्पणी राजनीतिक रूप से व्यंग्यात्मक थी और सीधे तौर पर उनके शब्द चयन के कारण भी चर्चा में आ गई।

पहले भी कर चुके हैं इस शब्द का इस्तेमाल

दिलचस्प बात यह है कि ‘Quockerwodger’ शब्द थरूर के लिए नया नहीं है। उन्होंने अप्रैल 2022 में भी इस शब्द का अर्थ साझा किया था और इसे राजनीतिक शब्दावली में उपयोगी जोड़ बताया था। एक बार फिर इस शब्द के इस्तेमाल से सोशल मीडिया पर उनकी शब्दावली को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

‘Allodoxaphobia’ से भी बटोरी थी सुर्खियां

 बता दें कि इससे  पहले  थरूर ने ‘Allodoxaphobia’ जैसे कठिन शब्दों का इस्तेमाल करके भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। उन्होंने इसका अर्थ दूसरों की राय या विचारों के प्रति तर्कहीन डर के रूप में बताया था। इस शब्द का इस्तेमाल भी उन्होंने राजनीतिक संदर्भ में टिप्पणी करते हुए किया था।

‘Farrago’ और ‘Troglodyte’ भी हैं चर्चा में

वहीं थरूर की चर्चित शब्दावली में ‘Farrago’ और ‘Troglodyte’ जैसे शब्द भी शामिल हैं। ‘Farrago’ का अर्थ किसी चीज का गड़बड़झाला, बेतरतीब मिश्रण या अव्यवस्थित संग्रह होता है। वहीं ‘Troglodyte’ का इस्तेमाल ऐसे व्यक्ति के लिए किया जा सकता है, जिसे पुराने विचारों वाला या जानबूझकर अज्ञानी माना जाता है।शशि थरूर के शब्द चयन की खासियत यही है कि वे कठिन और कम प्रचलित अंग्रेजी शब्दों को राजनीतिक और सामाजिक संदर्भों में इस्तेमाल करते हैं। यही वजह है कि उनके भाषणों और सोशल मीडिया पोस्ट में आने वाले शब्द अक्सर चर्चा का विषय बन जाते हैं और पाठकों को उनका अर्थ जानने के लिए शब्दकोश का सहारा लेना पड़ता है।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.