नीलगाय के चपेट में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
शिवहर : जिले के तरियानी थाना क्षेत्र स्थित खाजेपुर पुल के समीप बुधवार सुबह नीलगाय के अचानक सड़क पर आ जाने से एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर की ओर से आ रहा बाइक सवार युवक जैसे ही खाजेपुर पुल के पास पहुंचा, तभी अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। युवक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और नीलगाय से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना तरियानी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल तरियानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घायल युवक की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के सुरगाही गांव निवासी सौकत अली के पुत्र अरमान के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
तरियानी थानाध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खाजेपुर पुल और आसपास के क्षेत्रों में अक्सर नीलगाय समेत अन्य जंगली पशु सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.