अपराध नियंत्रण पर एसपी का सख्त संदेश: लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और वैज्ञानिक अनुसंधान पर जोर

शिवहर : समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कल बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय/यातायात), सभी पुलिस निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक में लंबित कांडों के अनुसंधान, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, गंभीर अपराधों की समीक्षा, प्रभावी गश्ती, वाहन जांच, शराबबंदी कानून के अनुपालन तथा विधि-व्यवस्था संधारण की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने सभी थानाध्यक्षों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं नवीन आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संग्रहण, संरक्षण एवं न्यायालय में प्रस्तुतीकरण से संबंधित आवश्यक कानूनी एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज, डीवीआर तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की अखंडता बनाए रखने और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित अनुसंधान अपराध अनुसंधान की सफलता की कुंजी है, इसलिए सभी पदाधिकारी तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग को प्राथमिकता दें।

बैठक के अंत में एसपी ने अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत बनाने के लिए सक्रिय एवं जवाबदेह पुलिसिंग पर जोर दिया।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.