मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आगमन कल, जिला प्रशासन अंतिम तैयारी में
शिवहर : मुख्यमंत्री के दिनांक 19 जुलाई 2026 को शिवहर जिला अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।
कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला समाहरणालय संवाद कक्ष एवं साथ ही कार्यक्रम स्थल पर भी सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त ब्रीफिंग की गई।
इस संयुक्त ब्रीफिंग में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि माननीय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और उसके आसपास के सभी क्षेत्रों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वीआईपी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो और माननीय मुख्यमंत्री का काफिला सुचारू रूप से गुजर सके, इसके लिए सटीक यातायात प्रबंधन और रूट लाइनिंग के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में भारी संख्या में आम लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए, प्रभावी भीड़ नियंत्रण के लिए सेक्टरवार दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों और वीआईपी वाहनों के लिए अलग-अलग और सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए प्रवेश एवं निकास द्वारों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
मेडिकल टीम, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और सेफ हाउस को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक महोदय ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए भी संबंधित सेल को सक्रिय कर दिया है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.