डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर मीट में डीएवी पब्लिक स्कूल, शिवहर का परचम
शिवहर : डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर मीट का आयोजन 18 एवं 19 जुलाई को यू.एस.सी.डी. डीएवी पब्लिक स्कूल, महाराजगंज (सिवान) में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, शिवहर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 स्वर्ण, 6 रजत एवं 8 कांस्य पदक जीतकर अंडर-14 वर्ग का ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न खेलों में विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक कबड्डी टीम ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। बॉक्सिंग में 2 स्वर्ण, कराटे में 4 स्वर्ण, 3 रजत एवं 4 कांस्य, भारोत्तोलन में 1 स्वर्ण तथा ताइक्वांडो में 2 स्वर्ण, 3 रजत एवं 4 कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और विद्यालय के साथ-साथ शिवहर जिले का नाम भी गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि "खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं। खेल के मैदान में अर्जित सफलता विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। डीएवी पब्लिक स्कूल, शिवहर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव अवसर और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।"
प्राचार्य ने इस शानदार उपलब्धि का श्रेय शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री विकास कुमार के समर्पित प्रशिक्षण एवं सतत मार्गदर्शन को देते हुए उन्हें विशेष रूप से बधाई दी। साथ ही विज्ञान शिक्षक श्री सूरज कुमार एवं संगीत शिक्षिका सुश्री गरिमा के सहयोग की भी सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के वरीय शिक्षक आशीष लाभ, राकेश रंजन सहित रूपा कुमारी, अभिनय मिश्रा, राहुल मिश्रा, आनंद प्रकाश सिंह, प्रमोद कुमार, प्रियंका कुमारी, वीणा कुमारी, विद्यानंद कुमार, मनीषा कुमारी, विजय कुमार, नीरज कुमार, रंगीनी ठाकुर, देवव्रत सरकार, सुधांशु कुमार, सतीश कुमार, कमलेश कुमार सिंह, कुणाल कुमार, संजीव कुमार, कौस्तुभ झा, मनोज कुमार, दिव्य अविनाश सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डीएवी पब्लिक स्कूल, शिवहर की इस शानदार सफलता से विद्यालय में उत्साह का माहौल है तथा पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.