राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय शिवहर में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान
शिवहर : राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय शिवहर में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक राकेश कुमार, जिला युवा पदाधिकारी, शिवहर रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में सह-संयोजक के रूप में प्रो. राजू कुमार शर्मा (SAC incharge), प्रो. सुमित सरदेसाई (SAC), प्रो. निश्चय रंजन (Networking), प्रो. विनय शंकर (NSS) एवं प्रो. सनत (NSS) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त प्रो. कृष्ण मुरारी, प्रो. आदित्य नारायण पांडेय, प्रो. निशांत कुमार, प्रो. अमित कुमार, प्रो. अंशु प्रिया एवं प्रो. दीपा कुमारी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केशवेंद्र चौधरी ने कहा कि “युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। नशे जैसी सामाजिक बुराई से युवाओं को दूर रखना केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ का संकल्प तभी साकार होगा, जब युवा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे बढ़ेंगे।”
कार्यक्रम के दौरान लोकगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग प्रतियोगिता, वाद-विवाद एवं भाषण, शॉर्ट फिल्म, रील प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन तथा स्लैम पोएट्री जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया और उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों के उत्साह, रचनात्मकता एवं प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम की सफलता में Student Activity Centre (SAC) की टीम के सदस्यों प्रेम शर्मा, अंकित आर्य, पवन कुमार, डिम्पल, अंशुमान, युविका, आर्या, ऋतु, रिमझिम, मेघना रॉबर्ट, मनवेंद्र, सुजल कुमार, प्रिंस, सत्यम, ध्रुव जायसवाल, अभिनंदन, आकाश, विशाल, आदित्य निगम, अंकित राज, शिवशंकर कुमार, सतीश एवं आदर्श ने कार्यक्रम के समन्वय, मंच संचालन, व्यवस्था एवं प्रबंधन में सराहनीय भूमिका निभाई।
अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल, आयोजकों, प्राध्यापकों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मक सोच, सकारात्मक जीवनशैली एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.