हर हाथ में होगा जीविका दीदी द्वारा सिला तिरंगा: 20 हजार ध्वज निर्माण के साथ देशभक्ति के रंग में रंगा शिवहर

शिवहर :  आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'हर घर तिरंगा' अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए शिवहर जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष जिले में राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने की अहम और गौरवशाली जिम्मेदारी 'जीविका दीदियों' ने अपने हाथों में ली है।

 जिले के सभी पांच प्रखंडों की 35 जीविका दीदियां पूरे उत्साह और समर्पण के साथ 20 हजार तिरंगा बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में जुटी हुई हैं। कपड़े की कटिंग से लेकर तीनों रंगों को सलीके से व्यवस्थित करने, सिलाई और अंतिम फिनिशिंग तक का सम्पूर्ण कार्य इन महिलाओं द्वारा बेहद कुशलता से किया जा रहा है।

अदौरी पंचायत स्थित डीएलसीसी (DLCC) में सामूहिक रूप से कार्य करते हुए ये दीदियां देशभक्ति और आजादी के गीत गुनगुनाकर पूरे माहौल को राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत कर रही हैं। तिरंगा सिलने के इस कार्य से जुड़कर जीविका दीदियां न केवल स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में अपना अमूल्य योगदान दे रही हैं, बल्कि यह उनके लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार, अतिरिक्त आय और आत्मनिर्भरता का भी एक सशक्त जरिया बन गया है।

 इस पहल पर हर्ष और गर्व व्यक्त करते हुए डीपीएम (जीविका)  अभिनव प्रिय ने कहा, ​“स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा सिलने में जीविका दीदियों की भागीदारी हमारे लिए अत्यंत गर्व की बात है। हमारी 35 दीदियां पूरे उत्साह और समर्पण के साथ 20 हजार तिरंगे तैयार करने के लक्ष्य में जुटी हैं। जीविका का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ना है। 

तिरंगा निर्माण जैसे पुनीत कार्यों से महिलाओं को काम और आय का अवसर मिल रहा है तथा वे राष्ट्रीय पर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।” जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तिरंगा निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है। 

जीविका दीदियों का यह दृढ़ संकल्प है कि समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता वाले तिरंगे तैयार कर शिवहर जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान को मजबूती प्रदान की जाए और हर घर तक सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज पहुँचाया जाए।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.