शिवहर सांसद लवली आनंद ने शिवहर के रेलवे लाईन का मुद्दा लोकसभा में उठाया
शिवहर : शिवहर जिले को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में चल रही सीतामढ़ी–शिवहर नई रेल लाइन परियोजना को लेकर केंद्र सरकार ने लोकसभा में महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
12 अगस्त 2026 को शिवहर सांसद लवली आनंद द्वारा लोकसभा में पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या 4125 के जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि शिवहर जिले में संपर्कता बेहतर बनाने के लिए 28 किलोमीटर लंबी सीतामढ़ी–शिवहर रेल परियोजना को 567 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति दी गई है तथा इसे विशेष रेल परियोजना घोषित किया गया है।
सरकार के अनुसार परियोजना के लिए कुल 160 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें से अब तक 98 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। वहीं रेवासी और शिवहर स्टेशन के बीच बागमती नदी पर 600 मीटर से अधिक लंबे पुल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
लंबे इंतजार के बाद उम्मीद जगी,शिवहर लंबे समय से प्रत्यक्ष रेल संपर्क से वंचित रहा है। लोकसभा में पूछे गए प्रश्न में भी जिले के लोगों को आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए होने वाली कठिनाइयों का उल्लेख किया गया था। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से परियोजना की वर्तमान स्थिति को लेकर दिया गया जवाब जिलेवासियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि रेल परियोजनाओं के पूरा होने की समय-सीमा भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति, उपयोगिताओं के स्थानांतरण, विभिन्न वैधानिक स्वीकृतियों, भौगोलिक परिस्थितियों तथा कानून-व्यवस्था सहित कई कारकों पर निर्भर करती है।
रेल संपर्क से विकास को मिलेगी रफ्तार
सीतामढ़ी–शिवहर रेल लाइन के निर्माण से जिले के लोगों को सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ने की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे आवागमन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। अब लोगों की नजर परियोजना के शेष भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य की गति पर है।
गौरतलब है कि इस रेलवे लाईन परियोजना के लिए आरटीआई कार्यकर्ता मुकुन्द प्रकाश मिश्र ने पटना हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर किया था ।

No Previous Comments found.