करंट की चपेट में आई 17 वर्षीय खुशबू, तीन दिन बाद पोखर के पास मिला शव, बिजली विभाग पर फूटा गुस्सा

शिवहर :  शिवहर जिले के हिरम्मा थाना क्षेत्र अंतर्गत हिरौता गांव वार्ड संख्या 12 में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 

17 वर्षीय खुशबू कुमारी को बिजली के करंट लगने से मौत हो गई, जिसका शव घटना के तीन दिन बाद मंगलवार की सुबह एक पोखर के पास बिजली के तार में लिपटा मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिरौता निवासी लालबाबू दास की 17 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी जो कुछ मंदबुद्धि थी बता दे की बीते तीन दिनों से लापता थी। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। मंगलवार सुबह जब कुछ ग्रामीण विजय शाह के पोखर की ओर गए, तो वहां एक शव पड़ा मिला औरा बिजली की  तार टूटकर उसके पैर में लिपटा हुआ देख हड़कंप मच गया। पहचान करने पर शव खुशबू कुमारी का निकला।

ग्रामीणों का आरोप है कि तीन दिन पहले ही खुशबू पोखर के पास गई थी, जहां जर्जर और नीचे झुके बिजली के तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उनका कहना है कि इलाके में लंबे समय से बिजली के तार और पोल की स्थिति बेहद खराब है, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। 

घटना की सूचना मिलते ही हिरम्मा थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले का जायजा लिया,और उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद असली कारण का पता लगेगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  

 थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत होता है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, तरियानी बिजली विभाग के कनीय अभियंता प्रकाश कुमार ने फिलहाल करंट से मौत की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि संबंधित लाइन कई दिनों से बंद थी। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट से मौत की पुष्टि होती है, तो विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिया जाएगा। इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जर्जर तारों और झुके हुए पोल को जल्द ठीक कराने की मांग की है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.