जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुरूआत 2 मई से 31 मई तक
शिवहर एक्सप्रेस : आम जनता के लिए महत्वपूर्ण सूचना प्रखंड तरियानी में राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत दिनांक 2 मई से 31 मई 2027 तक की जाएगी। इस दौरान प्रखंड के सभी गांवों एवं कस्बों में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं जनगणना से संबंधित कार्य संपन्न किया जाएगा।
प्रखंड प्रशासन द्वारा आम जनता से अपील की जाती है कि वे इस महत्वपूर्ण एवं राष्ट्रहित के कार्य में सक्रिय सहयोग करें तथा अपने परिवार से संबंधित सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण हो सके।
इस कार्य के सफल संचालन हेतु प्रखंड में कुल 373 परगणक (Enumerator) एवं 67 पर्यवेक्षक (Supervisor) की नियुक्ति की गई है। ये सभी कर्मी घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी का संग्रह करेंगे। आम नागरिकों से अनुरोध है कि वे इन कर्मियों को सहयोग प्रदान करें और सही जानकारी दें।
जनगणना के दौरान किसी भी परगणक या सरकारी कर्मी द्वारा OTP, बैंक विवरण, आधार संख्या का पूरा विवरण या किसी प्रकार की गोपनीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की जानकारी मांगता है, तो वह संदिग्ध हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।
यह जनगणना पूर्णतः डिजिटल पद्धति पर आधारित होगी, जिससे डेटा संग्रहण अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं सटीक तरीके से किया जाएगा।
प्रखंड जनगणना अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी तरियानी, प्रभात रंजन ने बताया कि निर्धारित अवधि के दौरान प्रत्येक परिवार का जनगणना में शामिल होना अनिवार्य है।
यह प्रक्रिया सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, संसाधनों के सही वितरण तथा देश के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अतः सभी नागरिकों से पुनः अनुरोध है कि वे जनगणना कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता


No Previous Comments found.