युवाओं को नशे की लत से बचाने को लेकर जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र समिति की बैठक में डीएम ने दिए निर्देश

शिवहर : जिला पदाधिकारी, शिवहर, प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जिला नार्को समन्वय केंद्र  समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई।
   
इस बैठक में जिले में मादक पदार्थों (Drugs) की तस्करी, बिक्री और इसके बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए व्यापक समीक्षा की गई तथा कई दिशा-निर्देश दिए गए। ​बैठक में मुख्य रूप से जिला औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर), अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल  सर्जन एवं मद्यनिषेध विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

 जिला पदाधिकारी ने ड्रग इंस्पेक्टर को सख्त निर्देश दिया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोरों की नियमित और सघन जांच की जाए। बिना डॉक्टर के पर्चे (Prescription) के प्रतिबंधित और नशीली दवाएं बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार  कार्रवाई की जाए।

पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे सूचना तंत्र को मजबूत कर जिले के उन क्षेत्रों को चिह्नित करें जहाँ मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री की संभावना अधिक है। ऐसे स्थानों पर त्वरित छापेमारी की जाए।

डीएम प्रतिभा रानी ने निर्देशित किया है कि युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से सभी स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

​बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट अगली समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने का दिया निर्देश।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.