बागमती पुरानी धारा खुदाई कार्य 31 मई 2026 तक होगा पूरा

शिवहर : शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड अंतर्गत बेलवा क्षेत्र में बागमती नदी के जल प्रवाह को नियंत्रित करने एवं उसे पुरानी धारा के माध्यम से मुजफ्फरपुर स्थित बूढ़ी गंडक नदी तक पहुंचाने के लिए चल रही महत्वाकांक्षी योजना का कार्य 31 मई 2026 तक पूरा होने की संभावना जताई गई है।

यह जानकारी बागमती प्रमंडल, शिवहर के कार्यपालक अभियंता ईo शाहिद कमाल द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत दायर आवेदन के जवाब में दी गई है। आरटीआई आवेदन शिवहर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-18 मिश्रा टोला निवासी आरटीआई व सामाजिक कार्यकर्ता मुकुन्द प्रकाश मिश्र द्वारा दायर किया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार “बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना फेज-IV(a)” के तहत बेलवा क्षेत्र में डैम निर्माण एवं बागमती पुरानी धारा की खुदाई का कार्य कराया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य बागमती नदी के अतिरिक्त पानी को पुरानी धारा के रास्ते बूढ़ी गंडक नदी में प्रवाहित करना है, जिससे बाढ़ की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिल सके।
कार्यपालक अभियंता द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार योजना की कुल एकरारित राशि लगभग 79 करोड़ 93 लाख 20 हजार 76 रुपये है। वहीं अब तक लगभग 69 करोड़ 51 लाख 88 हजार 249 रुपये खर्च किए जा चुके हैं। विभागीय स्तर पर कार्य तेजी से जारी है तथा 31 मई 2026 तक खुदाई कार्य पूर्ण होने की संभावना व्यक्त की गई है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि योजना समय पर पूरी हो जाती है तो क्षेत्र में जलनिकासी एवं बाढ़ नियंत्रण की स्थिति में काफी सुधार हो सकता है। वहीं आरटीआई के माध्यम से योजना की प्रगति सार्वजनिक होने के बाद लोगों में कार्य को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.