मिट्टी और पानी के संकट के बीच जैविक खेती पर जोर: बागमती विद्यापीठ में किसान चौपाल आयोजित

शिवहर : कृषि विज्ञान केन्द्र  शिवहर एवं जयकली कुंवर मेमोरियल ट्रस्ट  के संयुक्त तत्वावधान में आज बागमती विद्यापीठ, तरियानी छपरा में एक किसान चौपाल का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में मिट्टी के लगातार बिगड़ते स्वास्थ्य, रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव तथा पानी की बढ़ती किल्लत के संदर्भ में जैविक कृषि की आवश्यकता और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

कृषि विज्ञान केन्द्र, शिवहर की प्रभारी डॉ. अनुराधा रंजन एवं उनकी टीम ने किसानों को सब्जियों की जैविक खेती के विभिन्न तौर-तरीकों, प्राकृतिक पोषण प्रबंधन, कीट नियंत्रण तथा कम लागत में टिकाऊ खेती के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते जलवायु संकट और घटती भूमि उर्वरता के दौर में जैविक खेती किसानों के लिए एक बेहतर और दीर्घकालिक विकल्प बनकर उभर रही है।

इस अवसर पर राजकुमार 'नन्हें', जो रिजेनरेटिव बिहार के सीनियर फेलो एवं किसान ज्ञान-विज्ञान केंद्र के संस्थापक हैं, ने उपस्थित किसानों को जीवामृत बनाने का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों पर आधारित प्राकृतिक खेती की उपयोगिता पर जोर देते हुए किसानों को कम लागत और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जयकली कुंवर मेमोरियल ट्रस्ट के संस्थापक निदेशक राइडर राकेश ने बताया कि बागमती विद्यापीठ में प्रत्येक माह तीन दिवसीय “कृषिशाला” का आयोजन किया जाता है, जहाँ किसान जैविक एवं बहुविविध खेती के प्रायोगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से स्थानीय बीजों, पारंपरिक ज्ञान और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में सामूहिक पहल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र, शिवहर द्वारा उपस्थित किसानों के बीच सब्जी अनुसंधान केन्द्र, वाराणसी द्वारा विकसित लौकी एवं करेले के पौधों का वितरण भी किया गया। किसानों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जैविक खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार आयोजित करने की आवश्यकता जताई।

कार्यक्रम के अंत में महिला कृषि उद्यमिता केंद्र की संस्थापक एवं बागमती विद्यापीठ की निदेशक प्रीति कुमारी ने किसान चौपाल में शामिल सभी अतिथियों, किसानों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.