ट्रैक्टर से कुचलकर महिला की हत्या, मवेशी चराने के विवाद में खूनी खेल
शिवहर : जिले के हिरम्मा थाना क्षेत्र के माधोपुर छाता गांव में खेत में मवेशी चराने को लेकर हुए विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई है। यह घटना कल शनिवार की है।
मृतका की पहचान गांव निवासी सोनेलाल राय की 40 वर्षीय पत्नी रामकली देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम खेत में मवेशी चराने को लेकर गांव में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक ट्रैक्टर रामकली देवी के शरीर पर चढ़ा दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में सदर अस्पताल शिवहर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के पुत्र ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी मां मवेशी चराने के विवाद को लेकर होरिल कुमार के घर शिकायत करने गई थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और आरोपित ट्रैक्टर लेकर आया तथा उसकी मां को कुचल दिया। पुत्र ने कहा कि इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और गांव में तनाव का माहौल बन गया। लोग आरोपित की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।वहीं हिरम्मा थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया है। अभी तक कोई भी आवेदन थाने को नहीं दिया गया है। पुलिस ने शव को बरामद का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता

No Previous Comments found.