आंधी-तूफान से हुई क्षति पर खैरमा दर्प के मुखिया बेदामी देवी ने की मुआवजे की मांग
शिवहर : शिवहर प्रखंड अंतर्गत माधोपुर अनंत पंचायत के मुखिया बेदामी देवी एवं उनके पति भिखारी राय ने बीते दिनों आए तेज आंधी-तूफान एवं बारिश से किसानों एवं आम लोगों को हुए भारी नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में किसानों की फसल को व्यापक क्षति पहुंची है। खेतों में लगी विभिन्न फसलें नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इसके अलावा तेज हवा एवं बारिश के कारण कई गरीब परिवारों के घर भी क्षतिग्रस्त एवं ध्वस्त हो गए हैं।
माधोपुर अनंत पंचायत के मुखिया बेदामी देवी ने जिला पदाधिकारी शिवहर प्रतिभा रानी से आग्रह किया है कि माधोपुर अनंत पंचायत में हुए नुकसान की अविलंब जांच कराकर प्रभावित किसानों एवं पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता करना सरकार एवं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता

No Previous Comments found.