अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
शिवहर : अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आज समाहरणालय परिसर, शिवहर से बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु जागरूकता वाहन को जिलाधिकारी प्रतिभा रानी एवं पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक, शिवहर विजय कुमार ठाकुर, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, शिवहर सुरेश कुमार तथा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, तरियानी अभय पाण्डेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्थाओं—सवेरा स्वयंसेवी संगठन, बिहार ग्राम विकास परिषद, अदिति, श्री राम फाउंडेशन सेवा संस्थान तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में बाधक है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित बचपन का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने आमजन से अपील की कि बाल श्रम की रोकथाम हेतु प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी बच्चे को श्रम में संलग्न पाए जाने पर संबंधित विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचित करें।
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने कहा कि बाल श्रम के विरुद्ध अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही बच्चों के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक, शिवहर कार्यालय द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विमुक्त बाल श्रमिकों को शैक्षणिक किट प्रदान की गई तथा प्रति बाल श्रमिक 3,000 (तीन हजार रुपये) की तत्काल सहायता राशि भी वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य बाल श्रमिकों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके पुनर्वास एवं समग्र विकास को प्रोत्साहित करना है।
जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भ्रमण कर बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा शिक्षा के महत्व के संबंध में आम लोगों को जागरूक करेगा। वाहन के माध्यम से प्रचार सामग्री, ऑडियो संदेश एवं सूचना पत्रकों का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बाल श्रम मुक्त शिवहर के निर्माण तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने हेतु सामूहिक संकल्प लिया।
जिला प्रशासन, शिवहर बाल श्रम उन्मूलन एवं प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, स्वस्थ एवं शिक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.