मुहर्रम पर प्रशासन अलर्ट: एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

शिवहर : आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए  जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि मुहर्रम के दौरान जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सक्रियता और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर विशेष नजर रखने का भी निर्देश दिया। इसके लिए जिला प्रशासन की आईटी सेल लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।

बैठक की विशेषता यह रही कि जिले के सभी प्रखंडों के जनप्रतिनिधियों ने भी इसमें भाग लिया। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व-त्योहारों में सभी समुदायों की सहभागिता और आपसी भाईचारा हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। प्रशासन जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए हर आवश्यक कदम उठाएगा।

बैठक के अंत में सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और मुहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.