सांसद लवली आनंद एवं पूर्व सांसद आनंद मोहन ने कृषि विज्ञान केन्द्र शिवहर का किया निरीक्षण
शिवहर : कृषि विज्ञान केन्द्र शिवहर का आज लोकसभा सांसद लवली आनंद एवं पूर्व सांसद आनंद मोहन ने भ्रमण कर केन्द्र में संचालित विभिन्न कृषि, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने केन्द्र के वैज्ञानिकों से किसानों के लिए संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, तकनीकी प्रदर्शन, जलवायु अनुकूल कृषि, प्राकृतिक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार पर विस्तार से चर्चा की।
भ्रमण के दौरान सांसद लवली आनंद ने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने तथा उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि किसानों के लिए अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण आयोजित किए जाने चाहिए।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कृषि विज्ञान केन्द्र, शिवहर में एक किसान भवन तथा आधुनिक प्रशिक्षण कक्ष के निर्माण हेतु सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जिले के अधिक संख्या में किसानों, महिला किसानों एवं ग्रामीण युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएँ मिल सकें।
पूर्व सांसद आनंद मोहन ने भी केन्द्र के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कृषि के क्षेत्र में वैज्ञानिक तकनीकों का प्रसार समय की आवश्यकता है और कृषि विज्ञान केन्द्र इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने किसानों तक नवीन तकनीकों को तेजी से पहुँचाने तथा कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने पर बल दिया।
कृषि विज्ञान केन्द्र, शिवहर की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. अनुराधा रंजन कुमारी ने संस्थान के गतिविधियों एवं किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी । शिवहर जिला में तकनीक का प्रचार प्रसार किया जा रहा है उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा जून माह में जिला में खेत बचायो अभियान चलाया गया खेती की उन्नत तकनीक, मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती को बढ़ावा लगातार दिया जा रहा हैं ।
डॉ सौरभ शंकर पटेल, डॉ एन एम एच एनलिंग, डॉ संचिता घोष, अवधेश कुमार, गोपाल, कमलेश्वरी दास, राना, रोहित समेत सारे कृषि विज्ञान केंद्र शिवहर के कर्मचारी उपस्थित रहे एवं केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों, अनुसंधान आधारित तकनीकों के बारे में बताया एवं तथा आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.