शिवहर में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: 80 लीटर शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला
शिवहर : जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में 50 लीटर विदेशी एवं 30 लीटर देसी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान एक स्थान पर उत्पाद पुलिस की टीम पर हमला भी किया गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। उत्पाद विभाग की टीम ने तरियानी थाना क्षेत्र के वृंदावन मुसहरी वार्ड संख्या-8 निवासी रामानंद के पुत्र रंजन कुमार के गौशाला में छिपाकर रखी गई 50 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से रंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद विभाग के अनुसार रंजन की लंबे समय से तलाश की जा रही थी और काफी प्रयास के बाद उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। वहीं, पुरनहिया थाना क्षेत्र के कटैया बांध के समीप बाइक से शराब की खेप ले जा रहे दो युवकों को पकड़ने के लिए छापेमारी की गई। इस दौरान 30 लीटर देसी शराब बरामद की गई तथा पप्पू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी धर्मेंद्र पासवान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तारी के दौरान उत्पाद पुलिस की टीम पर हमला भी किया गया, लेकिन जवानों ने हालात पर काबू पाते हुए कार्रवाई पूरी की। उत्पाद पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार पंडित ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस अवर निरीक्षक सुदामा कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।टीम ने दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर कुल 80 लीटर शराब बरामद की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी धर्मेंद्र पासवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.