हर पंचायत में खुलेगा जीविका सुधा बिक्री केंद्र,आवेदन शुरू;महिलाओं को 60 हजार रुपये तक मिलेगी सरकारी सहायता

शिवहर : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत जीविका एवं कॉम्फेड के संयुक्त तत्वावधान में जिले की सभी 53 पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना एवं गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका शिवहर अभिनव प्रिय ने बताया कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “जीविका से जुड़ी महिलाएं जिन्हें मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना अंतर्गत प्रथम किस्त की प्राप्ति हो चुकी है इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बनेंगी और उनकी आय में सतत वृद्धि होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित होगी।”
उन्होंने आगे बताया कि इच्छुक जीविका दीदियां ऑनलाइन पोर्टल (jsbk.brlps.in) के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। लाभार्थियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन रैंडम लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा।

योजना के तहत चयनित महिलाओं को सरकार की ओर से 60,000 तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जबकि लाभार्थी द्वारा 15,000 का अंशदान किया जाएगा। इस राशि से डीप फ्रीजर, विजी कूलर, दुकान की ब्रांडिंग, परिवहन सहायता एवं दुकान की मरम्मत/पेंटिंग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कुल निवेश 75,000 निर्धारित है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना का लाभ केवल जीविका स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिला सदस्यों को मिलेगा। आवेदिका का संबंधित पंचायत की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है तथा पंचायत क्षेत्र में कम से कम 70 वर्गफुट की पक्की दुकान (स्वयं/किराए पर) उपलब्ध होना चाहिए।
       
जिला परियोजना प्रबंधक ने सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक एवं प्रखंडों के जीविका कर्मियों एवं जीविका कर्मियों को निर्देशित किया है कि वे अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इस योजना से जोड़ने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि पंचायतों में अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का आवेदन प्राप्त हो सके।
    
नोडल पदाधिकारी प्रबंधक पशुधन दर्शना  ने बताया कि पात्र जीविका दीदियां संकूल संघ के कम्युनिटी फैसिलिटेटर पात्र जीविका दसियों का आवेदन ऑनलाइन करने में सहायता प्रदान करेंगे ।

युवा पेशेवर पशुधन दीपक कुमार ने बताया कि यह योजना न केवल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देगी, बल्कि दुग्ध उत्पादों की खपत और स्थानीय बाजार को भी मजबूत करेगी। इससे पशुपालन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.