खेत में गमछे से गला दबाकर 55 वर्षीय किसान की हत्या, गांव में सनसनी

शिवहर : जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के घुसूकपुर वार्ड संख्या-2 में रविवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत जोतने और जमीन के स्वामित्व को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय साहब राय की कथित तौर पर गमछे से गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है।घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।

मृतक की पहचान घुसूकपुर निवासी स्वर्गीय राम कलेवर राय के 55 वर्षीय पुत्र साहब राय के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मृतक की पुत्रवधू शोभा देवी ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उनके ससुर खेत में बीज उखाड़ने गए थे। इसी दौरान पहले से चल रहे जमीन विवाद को लेकर उन पर हमला कर दिया गया। 
 उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही तरियानी थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।इस घटना के बाद घुसूकपुर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.