तरियानी में डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर राजद ने खोला मोर्चा, आंदोलन की दी चेतावनी
शिवहर : जिले के सबसे बड़े प्रखंड तरियानी में सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना नहीं होने को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजद के तरियानी प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने सरकार पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में तरियानी को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बिहार के विभिन्न प्रखंडों में नए सरकारी डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं, लेकिन शिवहर जिले के सबसे बड़े प्रखंड तरियानी को अब तक इस सुविधा से वंचित रखा गया है। इससे यहां के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों या शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
संजय कुमार सिंह ने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए निजी कॉलेजों में पढ़ाई कराना आसान नहीं है। अधिक फीस के अलावा आवागमन, रहने-खाने और अन्य खर्चों के कारण कई विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव की वजह से कई मेधावी छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।
राजद नेता ने सरकार से मांग की कि तरियानी प्रखंड में अविलंब सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो राजद जनप्रतिनिधियों, छात्रों और आम लोगों के सहयोग से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक छात्र का अधिकार है और सरकार को क्षेत्रीय असमानता समाप्त करते हुए तरियानी के विद्यार्थियों के हित में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.