डीएम ने आदर्श मध्य विद्यालय, शिवहर का किया औचक निरीक्षण
शिवहर : जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विद्यालयों में पठन-पाठन के लिए अनुकूल एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी द्वारा आदर्श मध्य विद्यालय, शिवहर का सघन निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने मुख्य रूप से विद्यालय के कार्यालय कक्ष और पुस्तकालय की स्थिति का गहन मुआयना किया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई के स्तर को परखा और इसे छात्रों के स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनिवार्य बताया है।
विद्यालय के पुस्तकालय को पूरी तरह से व्यवस्थित किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि छात्रों को नियमित रूप से किताबें उपलब्ध हों और पुस्तकालय का संचालन सुचारू रूप से हो। विद्यालय के सभी पठन-पाठन कक्षों की नियमित और गहन साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के शौचालयों में साफ-सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था हर हाल में बहाल रखी जाए।
संपूर्ण विद्यालय प्रांगण और परिसर को स्वच्छ और हरा-भरा रखा जाए ताकि बच्चों को एक सकारात्मक माहौल मिल सके। कार्यालय कक्ष का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए ताकि प्रशासनिक कार्यों में कोई बाधा न आए।
जिला पदाधिकारी द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द से जल्द इन सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.