छतौना वार्ड 4 सहित वार्ड 2 एवं 3 में जर्जर बिजली तारों को बदलकर केबलयुक्त विद्युत लाइन लगाए जाने की अपील : युवा सामाजिक कार्यकर्ता अंजीव कुमार
शिवहर : पिपराही प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के छतौना ग्राम के वार्ड संख्या 4 के लगभग 50 प्रतिशत हिस्से तथा वार्ड संख्या 2 एवं 3 में आज भी पुराने एवं जर्जर खुले बिजली तारों से विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
घनी आबादी होने के कारण कई स्थानों पर बिजली के तार लोगों के मकानों की छतों एवं छप्परों के ऊपर से होकर गुजर रहे हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवा चलने पर बिजली के तार आपस में टकराते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है। वहीं गांव के कुछ हिस्सों में अब तक बिजली के खंभे भी नहीं लगाए गए हैं, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
युवा सामाजिक कार्यकर्ता अंजीव कुमार ने कहा कि यह जनहित एवं लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से बिजली विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट करते हुए अपील की कि छतौना के वार्ड 4 सहित वार्ड 2 एवं 3 में पुराने एवं जर्जर खुले बिजली तारों को हटाकर केबलयुक्त विद्युत लाइन लगाई जाए तथा जिन क्षेत्रों में अब तक बिजली के खंभे नहीं लगाए गए हैं, वहां आवश्यकतानुसार नए बिजली के खंभे स्थापित किए जाएं।
उन्होंने आशा व्यक्त की है कि बिजली विभाग इस समाचार का संज्ञान लेकर शीघ्र स्थल का निरीक्षण करेगा तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुराने एवं जर्जर खुले तारों को हटाकर केबलयुक्त विद्युत लाइन लगाएगा और जहां आवश्यकता होगी वहां नए बिजली के खंभे स्थापित कर सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.