शिवहर में आर्य समाज मंदिर निर्माण का शुभारंभ, वैदिक महायज्ञ के बीच रखी गई आधारशिला
शिवहर : शहर के वार्ड संख्या-1 स्थित कोठियां चौक पर रविवार को धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल के बीच आर्य समाज मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर एक दिवसीय वैदिक वेद महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें जिले सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे आर्य समाज के पदाधिकारियों, विद्वानों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, प्रवचन और भजन-कीर्तन के माध्यम से वेदों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि वेद मानव जीवन का मूल आधार हैं और वेदानुकूल जीवन-यापन से समाज में नैतिकता, सदाचार और आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है। उन्होंने ईश्वर के ध्यान, सत्य, सेवा और वैदिक सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया।
वैदिक मंत्रों के बीच मधुबनी गुरुकुल के आचार्य सुशील जी, बेतिया आर्य समाज के प्रधान महंत प्रसाद, बिहार पुरोहित सभा के प्रधान वीर शमशेर सिंह आर्य, संत निराला बाबा, सीतामढ़ी आर्य समाज के प्रधान उपेंद्र आर्य, शिवहर आर्य समाज के प्रधान श्रीराम कुमार आर्य, योगाचार्य उमाशंकर आर्य तथा भूमिदाता रामचरण कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम के दौरान कई श्रद्धालुओं और समाजसेवियों ने खुले मंच से आर्य समाज मंदिर के निर्माण में आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग देने की घोषणा की। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि मंदिर बनने से क्षेत्र में वैदिक संस्कृति, धार्मिक शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर पुरोहित उमाशंकर आर्य, संजय कुमार वर्मा, बलराम आर्य, वार्ड सदस्य सह उपप्रधान पवन कुमार, नंदलाल राम, भीम कुमार, गुड्डू कुमार, योगेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं की अनुपम छटा देखने को मिली।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.