कारगिल विजय दिवस पर शहीद मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी को श्रद्धांजलि

शिवहर : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को शिवहर जिले के पुरनहिया प्रखंड स्थित कारगिल शहीद मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी के पैतृक गांव बखार चंडिहा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सरोज सिंह ने किया वहीं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीद मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर अगरबत्ती जलाते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। 'भारत माता की जय' और 'शहीद मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी अमर रहें' के नारों से पूरा स्मारक परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी 315 फील्ड रेजीमेंट के सेकेंड-इन-कमांड थे। कारगिल युद्ध के दौरान 2 जुलाई 1999 को द्रास सेक्टर स्थित टाइगर हिल पर दुश्मनों से वीरतापूर्वक मुकाबला करते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका जन्म शिवहर जिले के पुरनहिया प्रखंड के चंडिहा गांव में हुआ था।

उन्होंने कहा कि मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी ने विश्व की सबसे ऊंची युद्धभूमि पर पाकिस्तानी सैनिकों से लोहा लेते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कारगिल युद्ध के सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि शहीद मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी के स्मारक तक पहुंचने के लिए समुचित सड़क का निर्माण कराया जाए। इसके लिए आवश्यक होने पर किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाए। साथ ही पुरनहिया के बसंतपट्टी चौक का नाम शहीद मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी के नाम पर रखने तथा वहां उनकी प्रतिमा स्थापित करने की भी मांग की।

इस अवसर पर जिलामंत्री शिवलला सिंह, मंडल महामंत्री उपेंद्र कुशवाहा, मुकेश सिंह, प्राइवेट स्कूल संचालक संघ के अध्यक्ष रामविनय सिंह, मंडल अति पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मण साह, मंडल उपाध्यक्ष सुशांत शेखर द्विवेदी, मंडल मंत्री अनिल कुमार श्रीवास्तव, समाजसेवी कुश द्विवेदी, अवधेश साह, हरिकिशोर साह, अशोक द्विवेदी, मंजय साह सहित दर्जनों लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.