शिवहर के आदर्श कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किया सीधा संवाद, साझा किए 'वाइब्रेंट विलेज' के अनुभव
शिवहर : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत 'MY Bharat' द्वारा आयोजित "विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026" के तहत आज शिवहर के युवा स्वयंसेवक आदर्श कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती गांवों के अपने जमीनी अनुभवों को प्रधानमंत्री के साथ साझा किया, जिसने पूरे शिवहर जिले को गौरवान्वित किया है।
आदर्श कुमार का चयन MY Bharat पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज और निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर देशभर के शीर्ष 400 युवाओं में हुआ था।
इस कार्यक्रम के तहत आदर्श ने हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के एक सीमावर्ती गांव में 7 दिन बिताए। वहां रहकर उन्होंने स्थानीय संस्कृति, सामरिक महत्व और विकास कार्यों को बेहद करीब से समझा।
संवाद के दौरान आदर्श ने कहा, "यह केवल एक यात्रा नहीं थी, बल्कि एक ऐसा अनुभव था जिसने मुझे अपने देश को एक नए दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा दी।" उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और MY Bharat मंच का विशेष आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के अनुभवों की सराहना करते हुए कहा कि भारत के सीमावर्ती गांव देश के "अंतिम" नहीं बल्कि "प्रथम गांव" हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और 'विकसित भारत' की यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला युवा अधिकारी, MY Bharat (शिवहर) ने आदर्श कुमार को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने शिवहर के सभी युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में MY Bharat Portal पर अपना पंजीकरण कराएं, ताकि वे भी ऐसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों का हिस्सा बनकर राष्ट्र सेवा से जुड़ सकें।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.