बागमती का जल पाइपलाइन से देकुली मंदिर तक पहुंचाने की मांग

शिवहर : जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा भुवनेश्वर नाथ मंदिर देकुली धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आरटीआई एवं सामाजिक कार्यकर्ता मुकुन्द प्रकाश मिश्र ने बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर एक महत्वपूर्ण जनहितकारी मांग उठाई है। 

उन्होंने बागमती नदी का जल पाइपलाइन के माध्यम से देकुली मंदिर के सामने स्थित तालाब तक पहुंचाने की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है।
अपने पत्र में श्री मिश्र ने कहा है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने देकुली धाम पहुंचते हैं। वर्तमान में श्रद्धालुओं को डुब्बा घाट से पात्र में जल भरकर मंदिर तक लाना पड़ता है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को इसमें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

अनेक श्रद्धालु प्रतिदिन इस कठिनाई से गुजरते हैं। इसलिए इस समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है।

मुकुन्द प्रकाश मिश्र ने सुझाव दिया है कि यदि सड़क के किनारे-किनारे पाइपलाइन बिछाकर बागमती नदी का जल मंदिर के सामने स्थित तालाब तक पहुंचा दिया जाए, तो श्रद्धालुओं को वहीं से जल उपलब्ध हो सकेगा। इससे हजारों श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं, को बड़ी राहत मिलेगी तथा धार्मिक आस्था के अनुरूप जलाभिषेक भी अधिक सुगमता से हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह योजना तकनीकी रूप से संभव प्रतीत होती है और अपेक्षाकृत कम लागत में श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश देने की मांग की है।

श्री मिश्र ने विश्वास जताया कि यदि यह योजना लागू होती है, तो देकुली धाम आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.